Breaking News

नगर निकाय चुनाव: एक ही बैलेट बॉक्स में पड़ेगा पार्षद और मेयर का वोट, अलग-अलग रंग के बैलेट पेपर होंगे इस्तेमाल

Ranchi : झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनाव इस बार बैलेट पेपर के जरिए कराए जाएंगे। खास बात यह है कि मतदाता पार्षद और मेयर/अध्यक्ष दोनों पदों के लिए एक ही बैलेट बॉक्स में वोट डालेंगे। हालांकि भ्रम से बचने के लिए दो अलग-अलग रंगों के बैलेट पेपर दिए जाएंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि मेयर/अध्यक्ष पद के लिए पिंक रंग का बैलेट पेपर होगा, जबकि वार्ड पार्षद के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर दिया जाएगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त संख्या में बैलेट बॉक्स उपलब्ध रहेंगे। बैलेट बॉक्स की रंगाई और मरम्मत का कार्य जिला स्तर पर पूरा कर लिया गया है।

आरओ-एआरओ का प्रशिक्षण 16 जनवरी को

चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी रिटर्निंग ऑफिसर (RO) और असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर (ARO) के प्रशिक्षण का निर्णय लिया है। इसके लिए 16 जनवरी को राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें नामांकन, चुनाव चिन्ह आवंटन और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां दी जाएंगी। आयोग ने सभी जिलों को 50-50 चुनाव चिन्ह उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

मतगणना में लग सकता है अधिक समय

एक ही बैलेट बॉक्स में दो पदों के लिए वोट पड़ने के कारण मतगणना में देरी की संभावना जताई जा रही है। काउंटिंग के दौरान प्रत्येक बैलेट बॉक्स से पार्षद और मेयर/अध्यक्ष के बैलेट पेपर को अलग-अलग छांटना होगा। हालांकि अलग-अलग रंग होने से छंटाई में सुविधा होगी, फिर भी परिणाम आने में स्वाभाविक रूप से समय लगेगा।

चुनाव की घोषणा जल्द संभव

गौरतलब है कि राज्य के 48 नगर निकायों में चुनाव होने हैं, जिनके लिए वार्ड पार्षद और मेयर/अध्यक्ष पदों का आरक्षण तय किया जा चुका है। प्रशिक्षण कार्यक्रम और उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद इस महीने के अंत तक चुनाव की घोषणा किए जाने की संभावना है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post