Khunti: श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के द्वितीय वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर तोरपा प्रखण्ड क्षेत्र के अम्मा पखना गांव पूरी तरह राममय हो उठा। एकल श्री हरि द्वारा संचालित सत्संग मंडली अम्मा पखना के तत्वावधान में शनिवार को हनुमान मंदिर प्रांगण में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक समरसता से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहीं अयोध्या से पधारीं संगीता किशोरी बहन, जिनके भजन और प्रवचनों ने श्रद्धालुओं के हृदय को छू लिया। संत व्यास मालती देवी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं की सहभागिता अत्यंत सराहनीय रही। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और वातावरण जय श्रीराम के नारों से गूंजता रहा। 
महिलाओं के बीच भक्ति गीत प्रतियोगिता का आयोजन कर प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया। नवाटोली, कोठाटोली और अम्मा पखना की मंडलियों ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं खेरखैई, कर्रा मरचा, जीबलोंग और सटाल की टीमों को भी सम्मानित कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया गया।
भोग-भंडारा और संध्या आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संगीता किशोरी बहन के सजीव और सरल प्रवचन से प्रभावित होकर बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उनके विचारों की चर्चा करते नजर आए। श्रद्धालुओं में उनके साथ तस्वीर खिंचवाने का विशेष उत्साह देखा गया। 
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, शिव चर्चा समूह एवं एकल समूह की बहनों के साथ-साथ आसपास के गांवों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि यह धार्मिक अभियान 22 जनवरी तक विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा, जिससे सनातन संस्कृति और श्रीराम भक्ति को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।



