Giridihi: नए साल के जश्न के बीच सार्वजनिक स्थानों और पिकनिक स्पॉट पर शराब पीने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। गिरिडीह पुलिस ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक जगहों पर शराब का सेवन करने या नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
जिले के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने इसको लेकर सभी अधीनस्थ अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। आदेश के बाद प्रमुख पिकनिक स्थलों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है।
पिकनिक स्पॉट पर कड़ी जांच
खंडोली और वाटरफॉल जैसे प्रमुख पिकनिक स्थलों पर जगह-जगह बैनर लगाए गए हैं, जिनमें शराब लेकर आने और सेवन करने पर रोक की जानकारी दी गई है। पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है और ब्रेथ एनालाइजर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। शराब लेकर पिकनिक स्पॉट में प्रवेश न हो, इसके लिए चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं।

ढाबों पर भी पुलिस की नजर
31 दिसंबर और 1 जनवरी की रात 12 बजे के बाद एसपी खुद नेशनल हाइवे के कई ढाबों पर पहुंचे और जांच की। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
महिला पुलिस बल की तैनाती
खंडोली और वाटरफॉल में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। झरनों के पास चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और जगह-जगह पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर भी डिस्प्ले किए गए हैं।

सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर लगाम
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर रोक से रेस ड्राइविंग कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी। सभी एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई करें।
डीजे पर भी रोक
पिकनिक स्पॉट पर डीजे की एंट्री पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कदम ध्वनि प्रदूषण को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है—नया साल जरूर मनाइए, लेकिन कानून और सुरक्षा के दायरे में रहकर।


