Deoghar: नव वर्ष के पहले दिन की विशेष धार्मिक महत्ता को देखते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देश के विभिन्न हिस्सों से आए भक्तों ने अहले सुबह से ही बाबा भोलेनाथ का जलार्पण और दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक सौरभ ने स्वयं बाबा मंदिर पहुंचकर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
डीसी ने मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के सुगम व सुरक्षित जलार्पण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां से संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मंदिर परिसर और संपर्क पथों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, ताकि दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने, पॉलिथीन और थर्मोकॉल के उपयोग पर रोक लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए दोना-पत्तल, मिट्टी और बांस की डलिया के इस्तेमाल को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत
नव वर्ष के अवसर पर संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां कर ली थीं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। कतार व्यवस्था और निगरानी को मजबूत किया गया, ताकि श्रद्धालुओं की लाइन अधिक दूर तक न जाए और दर्शन सुचारू रूप से होते रहें।
अधिकारियों की मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, बाबा मंदिर थाना प्रभारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के कई अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
अंत में डीसी ने नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं और जिलावासियों से शांति, व्यवस्था और सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम में हर भक्त को सुरक्षित और सुखद दर्शन का अनुभव मिल सके। 🙏



