Chaibasa: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल चाईबासा के कार्यपालक अभियंता अरुण कुमार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जमशेदपुर की टीम ने 70 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अभियंता पर ठेकेदार से बिल भुगतान के बदले कमीशन मांगने का आरोप है।
55 लाख की योजना, बकाया भुगतान के लिए मांगी घूस
जानकारी के अनुसार संबंधित निर्माण योजना की कुल लागत करीब 55 लाख रुपये थी, जिसमें से लगभग 29 लाख रुपये का भुगतान पहले ही किया जा चुका था। शेष राशि के भुगतान के एवज में अभियंता ने 2.5 प्रतिशत कमीशन के रूप में 70 हजार रुपये की मांग की थी।
नारकोटिक्स विभाग के भवन निर्माण से जुड़ा मामला
यह मामला पुराने उपायुक्त कार्यालय परिसर में नारकोटिक्स विभाग के भवन निर्माण कार्य से संबंधित है। घूस की मांग से परेशान होकर ठेकेदार रितेश चिरानिया ने एसीबी जमशेदपुर में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत सत्यापन के बाद ACB की ट्रैप कार्रवाई
शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और घूस लेते समय अभियंता को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर जयराम प्रसाद, इंस्पेक्टर कल्याण बिरुली और डीएसपी इंद्रदेव राम की अहम भूमिका रही।
पूछताछ जारी, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अभियंता को पूछताछ के लिए एसीबी जमशेदपुर ले जाया गया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीबी की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



