Deoghar : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शुक्रवार देर शाम देवघर पहुंचे, जहाँ उनका पार्टी नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से वे सीधे परिसदन पहुंचे और कुछ देर विश्राम के बाद झारखंड भाजपा के शीर्ष नेताओं और कोर कमेटी सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बंद कमरे की बैठक की। इस विशेष बैठक में केवल चुनिंदा नेताओं को शामिल होने की अनुमति थी।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में झारखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों पर गहन चर्चा की गई। नड्डा ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और पार्टी की गतिविधियों को तेज़ करने पर जोर दिया। बताया गया कि नड्डा ने नेताओं को राज्य में पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में हाल के दिनों में प्रदेश में बढ़ी राजनीतिक सक्रियता, बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद बदलते राजनीतिक समीकरण, तथा झारखंड में भाजपा की संभावनाओं पर भी मंथन हुआ। पार्टी के भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
हालाँकि, आधिकारिक रूप से बैठक की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई। पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बताया कि बैठक में संगठन के कामकाज, पदाधिकारियों की भूमिका और आंतरिक व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा किसी विशेष मुद्दे पर बातचीत नहीं हुई।
इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, चंपई सोरेन, मधु कोड़ा, अनंत ओझा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। जेपी नड्डा रात में परिसदन में ही ठहरेंगे। शनिवार सुबह वे बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा करेंगे, इसके बाद भाजपा कार्यालय का उद्घाटन और कार्यकर्ताओं को संबोधन करेंगे। इसी दिन वे एम्स में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में भी हिस्सा लेंगे।



