Breaking News

झारखंड में डकैतों का तांडव: शिक्षक दंपती बंधक, पिस्तौल की नोक पर 4 घंटे तक लूटपाट

Palamu : झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर में गुरुवार देर रात हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। लगभग 15 डकैतों के गिरोह ने एक शिक्षक दंपती को कनपटी पर पिस्तौल सटाकर चार घंटे तक बंधक बनाए रखा और घर में जमकर लूटपाट की। दंपती को बुरी तरह पीटा गया, जबकि जेवरात, नकदी और कीमती सामान लूट लिए गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्सा है, और ग्रामीण प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही टोला, मुगलजान में हुई यह डकैती हाल के वर्षों की सबसे भयावह वारदात मानी जा रही है। बताया गया कि पिछले पखवाड़े से क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। इसी बीच गुरुवार रात लगभग 11 बजे मुगलजान निवासी 45 वर्षीय शिक्षक मृत्युंजय मेहता और उनकी पत्नी अनिता देवी, जो पैरा-शिक्षिका हैं, सो चुके थे।

रात में मृत्युंजय मेहता जब शौच के लिए उठे, तो उन्हें छत पर कुछ लोगों की आहट सुनाई दी। नीचे आने पर उनका सामना एक डकैत से हुआ। हल्की हाथापाई के बाद चार और डकैत घर के भीतर घुस आए, जबकि बाकी बाहर पहरा देते रहे। सभी डकैत पिस्तौल, चाकू और लोहे की रॉड से लैस थे। उन्होंने दंपती की बेरहमी से पिटाई की और डराने के लिए पिस्तौल कनपटी पर सटा दी।

डकैतों ने घर के हर कोने—बक्से, बैग, अलमारी—को खंगाला और जेवरात, नकदी तथा अन्य कीमती वस्तुएं लूट लीं। दंपती से बार-बार चाबी और पैसे की मांग की जाती रही। इतना ही नहीं, डकैतों ने घरवालों से खाना बनाने तक को कहा। पूरा तांडव रात 11 बजे से शुक्रवार तड़के 3 बजे तक चला। जाते-जाते डकैतों ने दंपती को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में डीएसपी एस. मो. याकूब ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

ग्रामीणों का कहना है कि एक साधारण परिवार पर इस तरह का हमला सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। अपराधियों का लगातार सक्रिय रहना और रातभर बेखौफ घूमना पुलिस गश्ती पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल गिरफ्तारी, रात्रि गश्ती बढ़ाने और क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post