Latehar : लातेहार में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परिषद के बड़ा बाबू संतोष सिंह को ₹65,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पलामू एसीबी की टीम ने की। गिरफ्तारी के बाद टीम ने उनके सरकारी आवास की भी तलाशी ली, जहां से कई संदिग्ध दस्तावेज और लेन-देन से जुड़ी जानकारी बरामद की गई।

जानकारी के अनुसार, लातेहार के संवेदक बबलू पांडेय ने एक पुल निर्माण कार्य पूरा किया था, लेकिन उसका भुगतान रोक दिया गया था। जब भुगतान की मांग की गई, तो बड़ा बाबू संतोष सिंह ने 65 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई और जैसे ही संवेदक ने तय राशि उन्हें दी, टीम ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने संतोष सिंह के सरकारी क्वार्टर की तलाशी ली, जिसमें कई फाइलें, दस्तावेज और लेनदेन के रिकॉर्ड मिले हैं। कार्रवाई की खबर फैलते ही जिला परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी और अधिकारी दफ्तर छोड़कर बाहर निकल गए।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, संतोष सिंह कई वर्षों से एक ही पद पर तैनात थे। कई बार तबादला आदेश जारी होने के बावजूद वह वापस जिला परिषद कार्यालय लौट आते थे। लोगों का कहना है कि बिना रिश्वत के कोई फाइल पास नहीं होती थी।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद लातेहार जिला परिषद के अन्य कर्मचारियों में खौफ का माहौल है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और एसीबी आगे की जांच में जुटी हुई है।



