Hazaribagh : हजारीबाग में एक बार फिर एटीएम ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। ठगों ने अब ठगी का नया तरीका अपनाया है, जिसमें वे एटीएम मशीन में गोंद चिपका कर कार्ड फंसा देते हैं। ऐसा ही एक मामला सदर थाना क्षेत्र के गोला रोड स्थित एसबीआई एटीएम में सामने आया, जहां ठगों ने 50 हजार रुपये उड़ा लिए।
भुक्तभोगी कानी बाजार निवासी शशिकांत सिन्हा ने साइबर थाना हजारीबाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि धनतेरस के दिन पैसे निकालने के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। कार्ड न निकलने पर उन्होंने एटीएम की दीवार पर लिखे “कस्टमर केयर” नंबर पर फोन कर दिया।
फोन रिसीव करने वाले ने खुद को बैंक कर्मी बताकर शशिकांत से कहा कि वे मशीन से कुछ दूर खड़े होकर पिन डालें। इस दौरान एटीएम के बाहर खड़ा एक व्यक्ति उनका पिन देख रहा था। कॉल करने वाले ने बाद में उन्हें शाखा जाने की सलाह दी और फोन काट दिया।
इसी बीच ठगों ने मशीन से कार्ड निकाल लिया और उसका दुरुपयोग करते हुए 10 हजार रुपये नकद निकाल लिए। इसके अलावा 40 हजार रुपये नेट बैंकिंग के जरिए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। जब भुक्तभोगी के मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का मैसेज आया, तब उन्हें ठगी की जानकारी हुई।
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना की टीम ने एटीएम से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू की है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में बाहर से आने वाले ठग शामिल हो सकते हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम में कोई तकनीकी समस्या आने पर किसी अज्ञात नंबर पर कॉल न करें। बैंक से संबंधित जानकारी सिर्फ अधिकृत हेल्पलाइन या शाखा से ही प्राप्त करें। साथ ही, एटीएम उपयोग करते समय आसपास सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें।



