Giridih: गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के हेठनगर स्थित एक होटल से पुलिस ने 4 हजार लीटर कच्चा स्प्रिट जब्त किया है। छापेमारी में होटल संचालक समेत पांच लोग गिरफ्तार किए गए, जबकि दो कारें भी जब्त की गईं।
यह कार्रवाई झारखंड एटीएस और बिहार उत्पाद विभाग की साझा सूचना पर हुई। सूचना मिली थी कि गिरिडीह से बड़ी मात्रा में कच्चा स्प्रिट बिहार भेजा जा रहा है। एसपी के आदेश पर एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई और होटल पर धावा बोला गया।

होटल परिसर से सैकड़ों गैलन में कच्चा स्प्रिट मिला, जिसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह झारखंड-बिहार सीमा पर लंबे समय से अवैध शराब कारोबार कर रहा था।
एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई के बाद इलाके के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



