Ranchi: डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयराम महतो आज राजनीति में उन चुनिंदा चेहरों में गिने जाते हैं, जो अपनी सादगी और ईमानदारी से लोगों के दिलों में जगह बना चुके हैं। गरीब परिवार से आने वाले जयराम महतो का पारिवारिक बैकग्राउंड भले ही आर्थिक रूप से मज़बूत नहीं रहा हो, लेकिन जनता के हित में किए गए उनके कामों ने उन्हें 2024 के विधानसभा चुनाव में भारी समर्थन दिलाया और वे पहली बार विधायक बने।
विधानसभा तक पहुँचने के बाद भी उनका जीवन वैसा ही है जैसा पहले था। आज भी उनका घर साधारण है, जैसा उनके बचपन में था। उनकी बुजुर्ग दादी को कभी उम्मीद थी कि पोते के विधायक बनने के बाद अब बड़ा घर बनेगा, लेकिन जयराम महतो ने दादी को प्यार से समझाते हुए कहा था –
“दादी, आपका पोता बेईमान और भ्रष्ट नहीं है कि तुरंत महल खड़ा कर दे। मैं ईमानदारी से जनता की सेवा कर रहा हूँ, इसलिए घर बनाने में समय लगेगा।”
हाल के दिनों में स्वास्थ्य संबंधी दिक़्क़तों के कारण विधायक महतो को कई बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। फिलहाल डॉक्टरों की सलाह पर वे घर पर आराम कर रहे हैं। इसी बीच उन्होंने अपनी दादी संग बातचीत करते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया मंच X पर साझा की। तस्वीर के बैकग्राउंड ने एक बार फिर उनकी सादगी और आर्थिक स्थिति को उजागर कर दिया, जिसने जनता को गहराई तक प्रभावित किया। जनता अब उन्हें न सिर्फ़ विधायक, बल्कि एक सच्चे सेवक और ईमानदारी की मिसाल मान रही है।
डुमरी के लोग कहते हैं – “हमारे विधायक भले ही साधारण जीवन जीते हैं, लेकिन जनता के लिए उनका संघर्ष और सेवा सबसे असाधारण है।”



