Khunti: तपकरा थाना पुलिस ने जाली नोटों की कूटरचना और उसके उपयोग से जुड़ा एक बड़ा मामला उजागर किया है। थाना कांड संख्या 12/2025 दिनांक 14 सितम्बर 2025 के तहत दर्ज प्राथमिकी में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है:
1. सईम शेख उर्फ शमीम, पिता – मोतीउर रहमान, निवासी – अली टोला, उधवा।
2. मोहम्मद शेख, पिता – गुलामुद्दीन शेख, निवासी – उधवा अमानत दियारा।
दोनों आरोपी राधा नगर थाना क्षेत्र, जिला साहेबगंज (झारखंड) के रहने वाले बताए जाते हैं। 
पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (B.N.S.) 2023 की धारा 178, 179, 180, 318(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं के तहत जाली नोट की तैयारी, कूटरचना तथा अवैध लेन-देन में उपयोग करना दंडनीय अपराध है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दोनों को रंगे हाथ पकड़ा गया। तलाशी में संदिग्ध नोट और उससे संबंधित साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच जारी है और यह भी खंगाला जा रहा है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े नेटवर्क से है या नहीं।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि जाली नोटों का कारोबार न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि इससे संगठित अपराध और अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ाव की आशंका भी रहती है।



