Ramgarh: रामगढ़ जिले के NH-33 स्थित चुटूपालू घाटी में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गड़के मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर पलट गया, जिसमें चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के गुलशन कुमार (24) और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। गुलशन हाफिजपुर, थाना कोरावली और कृष्णा मधुपुरी, थाना एलाऊ के निवासी थे। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर दुर्घटना की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, जिन्ना ट्रांसपोर्ट का 14 चक्का ट्रक जयलक्ष्मी एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का चावल और दाल लेकर ओडिशा के कटक से गाजियाबाद जा रहा था। देर रात रांची से रामगढ़ की ओर बढ़ते समय ट्रक चुटूपालू घाटी के गड़के मोड़ पर पलट गया।
रामगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकाल पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बना चुटूपालू घाटी
चुटूपालू घाटी को NH-33 का सबसे खतरनाक हिस्सा माना जाता है। तीखे मोड़ और खड़ी ढलानों के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। बुधवार की रात का हादसा एक बार फिर इस घाटी की भयावह स्थिति को उजागर करता है।



