Koderma: कोडरमा जिले में तिलैया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार रात रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी कर पुलिस ने चतरा जिले के कान्हाचट्टी निवासी 18 वर्षीय रोहित कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग 2 किलो अफीम बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एसपी अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि अफीम की खेप को कोडरमा के रास्ते भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ के नेतृत्व में तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार और पुलिस बल की टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में छापेमारी अभियान चलाया।
बैग से बरामद हुई अफीम
छापेमारी के दौरान पुलिस को स्टेशन पर घूम रहे एक संदिग्ध युवक पर शक हुआ। तलाशी लेने पर उसके बैग से करीब 2 किलो अफीम बरामद की गई। पकड़े गए युवक ने स्वीकार किया कि उसे यह बैग चतरा के एक अज्ञात व्यक्ति ने दिया था और बरेली तक पहुंचाने के लिए कहा गया था। इसके एवज में उसे पैसे देने का वादा किया गया था।
गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार युवक से गहन पूछताछ कर रही है और उसकी निशानदेही पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कोडरमा स्टेशन से अफीम की तस्करी में कई युवक पकड़े जा चुके हैं, हालांकि पुलिस अब तक गिरोह के असली सरगना तक नहीं पहुंच पाई है।
नशा कारोबार पर अभियान तेज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले को नशे के कारोबार से मुक्त करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा। तस्कर अक्सर नाबालिग और बेरोजगार युवकों को पैसे का लालच देकर इस नेटवर्क से जोड़ते हैं।



