Chaibasa-Khunti : पश्चिमी सिंहभूम के टेबो थाना पुलिस ने मंगलवार दोपहर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान दो युवकों को 1.5 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले भी डोडा कारोबार के मामलों में जेल जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर को दोपहर करीब 2:20 बजे थाना प्रभारी बिक्रान्त मुंडा के नेतृत्व में टेबो थाना गेट के पास चाईबासा-खूंटी मुख्य मार्ग पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान बंदगांव की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोका गया।
जांच में बाइक सवार जोहन पुरती (42) और मार्टीन सोय के पास से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि यह राशि डोडा खरीदने के लिए व्यापारी से ली गई थी।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के कुचई थाना क्षेत्र के जोम्बरों गांव के निवासी हैं। इनके खिलाफ पहले भी 27 जून 2025 को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ टेबो थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15/28/29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच दल में थाना प्रभारी बिक्रान्त मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, सहायक अवर निरीक्षक राम प्रसाद और टेबो थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।



