Ranchi : रांची में इस्लामनगर इलाके के तबरक लॉज से बुधवार को संदिग्ध ISIS आतंकवादी अजहर दानिश को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, झारखंड ATS और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने की। जानकारी के अनुसार, दानिश करीब डेढ़ साल से रांची के इस लॉज में रह रहा था।
अजहर दानिश के खिलाफ दिल्ली में मामला दर्ज था और इसी के आधार पर दिल्ली स्पेशल सेल उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई, और अब उसे दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है।
लॉज से जब्त सामग्री:
टीम ने छापेमारी के दौरान लॉज के कमरे से कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की, जिनमें कुछ केमिकल, दस्तावेज और नक्शे शामिल हैं। झारखंड ATS के एसपी ऋषभ झा के अनुसार, बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद मामले की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
जांच में यह भी सामने आया कि अजहर ने लॉज में कमरा लेने के लिए बुकिंग फॉर्म में अपने पिता का नाम मजरुल हसन और बोकारो के पेटरवार का पता दर्ज कराया था। वह अपना आधार और मोबाइल नंबर भी फॉर्म में भर चुका था।
पलामू में छापेमारी और पूछताछ:
सुरक्षा एजेंसियों ने पलामू में जपला के मुस्लिम नगर निवासी मुन्ना चूड़ीहारा को हिरासत में लिया। उससे लगभग 12 घंटे तक पूछताछ की गई ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह अजहर दानिश के नेटवर्क से जुड़ा है। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि झारखंड में ISIS से जुड़े मामलों में कई संदिग्ध पहले भी पकड़े जा चुके हैं। इस ताजा गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों को और सतर्क कर दिया है। दिल्ली पुलिस और झारखंड ATS मिलकर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं।



