Garhwa: गढ़वा थाना क्षेत्र के नामधारी कॉलेज के पास शुक्रवार देर शाम शहर में दहशत का माहौल बन गया, जब कुख्यात अपराधी रवि तिवारी ने व्यवसायी ओमप्रकाश गुप्ता के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। अपराधी ने लगभग पांच राउंड गोलियां चलाई और मौके से फरार हो गया। घटना का पूरा दृश्य सीसीटीवी में कैद हो गया।
व्यवसायी और उनके परिवार ने बताया कि यह हमला पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी अपराधियों ने उनके घर को निशाना बनाया था और यह अब तक तीसरी बार है जब उनकी सुरक्षा को चुनौती दी गई है। परिवार लगातार भयभीत है और पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
घटना के समय गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों में दुबक गए। पूरा मोहल्ला डर और अफरातफरी में डूब गया।

गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधी एक कार में सवार होकर मौके पर आया था और उसने अपना नाम रवि तिवारी बताया।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने कहा कि गोलीबारी के बाद पूरे मोहल्ले में अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों में छिप गए। घटना से इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।



