Gumla: जिले के भरनो थाना क्षेत्र के नावाटोली के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में 12 वर्षीय फरहान मिर्दाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी मुर्सिल मिर्दाहा गंभीर रूप से घायल हुआ। दोनों बच्चे बेड़ों थाना क्षेत्र के हाटू मदरसे में पढ़ाई कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, सुबह दोनों बच्चे बिना किसी को बताए मदरसे से निकलकर पैदल अपने गांव सुपा लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में फरहान की मौके पर मौत हो गई, जबकि मुर्सिल गंभीर रूप से घायल हुआ।

स्थानीय लोगों की मदद से मुर्सिल को तुरंत भरनो अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया।
फरहान की मौत की खबर मिलते ही उसके गांव में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण हादसे से गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे पढ़ाई में अच्छे थे और अक्सर साथ रहते थे।
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने भरनो ब्लॉक चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। उनका कहना था कि मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए और आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही भरनो पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि फरार वाहन और चालक का पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।



