Khunti: खूंटी जिला मुख्यालय के व्यस्तम इलाकों में से एक बाजारटांड़ में बीती रात चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाकर नगदी सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय घटी जब पूरा इलाका सन्नाटा में डूबा हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार, बाजारटांड़ की जिस दुकान में चोरी हुई है, वह मुख्य सड़क किनारे स्थित है। यहां आमतौर पर लोगों की आवाजाही बनी रहती है और पुलिस की गश्त भी होती रहती है। वहीं इलाके में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी ठीक-ठाक मानी जाती है। इसके बावजूद चोरों ने प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए दुकान का ताला तोड़ दिया और करीब पंद्रह हजार रुपये नगद सहित कई जरूरी सामान चोरी कर ले गए।
पीड़ित दुकानदार लक्ष्मण स्वासी ने बताया कि उन्होंने बड़ी मुश्किल से पूंजी जुटाकर यह छोटी सी दुकान शुरू की थी, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता है। लेकिन चोरी की इस घटना ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। उन्होंने कहा, “हमारा पूंजी सहित सामान चुरा लिया गया है, जिससे अब कारोबार प्रभावित होगा। पूंजी घटने से दुकानदारी पर सीधा असर पड़ेगा और परिवार की स्थिति भी खराब हो सकती है।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजारटांड़ में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। घटना के बाद दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।
इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।



