Karra : थाना क्षेत्र के कर्रा-बिरदा मुख्य सड़क पर आईटीआई कॉलेज कुदा के समीप हुई सड़क दुर्घटना में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान तिक्की गांव निवासी बेला लोहरा, पिता राम लोहरा के रूप में हुई है।
मृतक के पिता ने बताया कि बुधवार की रात वह और उनका बेटा एक साथ भोजन किए थे। इसके बाद बेला लोहरा मोटरसाइकिल से अपनी नानी गांव कुदा जाने के लिए निकला था।
गुरुवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने आईटीआई कॉलेज के पास पुलिया के नजदीक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को देखा। आसपास तलाश करने पर पुलिया के नीचे एक युवक गिरा हुआ मिला। तत्काल ग्रामीणों ने इसकी जानकारी कर्रा थाना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से चलाने के कारण वह सड़क किनारे लगे सेफ्टी पोल से टकरा गया और पुल के नीचे गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि दुर्घटना बुधवार रात को ही हुई थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद पूरी रात पुलिया के नीचे पड़े रहने से युवक की मौत हो गई।
गुरुवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर है।



