गुमला: गुमला-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर नागफेनी के समीप शनिवार रात 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत में गुमला थाना क्षेत्र के धौठा टोली गांव निवासी 50 वर्षीय अजय तिग्गा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को आनन-फानन में गुमला सदर अस्पताल लाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिसई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले गई। इधर, सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद घायल की स्थिति को नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया। परिजनों ने कॉल सेंटर पर फोन कर एंबुलेंस मंगवाई।
परिजन घायल को एंबुलेंस में लोड कर रहे थे कि तभी एंबुलेंस का चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन चालक का कुछ पता नहीं चला। करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस में बिना किसी सहायता के पड़े रहने के कारण घायल अजय तिग्गा की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने समय पर ऑक्सीजन की मांग की थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराया। इसके चलते मरीज की जान चली गई। घटना के बाद सदर अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर जमकर सवाल उठाए और व्यवस्था सुधारने की मांग की।
गुमला से रौशन केशरी की रिपोर्ट।



