Khunti: कर्रा प्रखंड स्तरीय स्टियरिंग सह मॉनिटरिंग कमिटी की बैठक सोमवार को बीडीओ स्मिता नगेशिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत संचालित मध्याह्न भोजन व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक में बीडीओ ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी एवं अल्पसंख्यक विद्यालयों में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता और मात्रा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी छात्र को परेशानी न हो।
भीषण गर्मी को देखते हुए बीडीओ ने सभी विद्यालयों में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी कहा गया कि छात्रों को पेड़ के नीचे या बरामदे में बैठाकर भोजन न कराया जाए, बल्कि उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गर्मी से बचाव के लिए सभी विद्यालयों में ग्लूकोज रखने का भी निर्देश दिया गया। इस संबंध में चिकित्सा पदाधिकारी से समन्वय कर आवश्यकतानुसार ग्लूकोज उपलब्ध कराने की बात कही गई। चिकित्सा पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जरूरत के अनुसार सभी विद्यालयों को ग्लूकोज उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में छात्रों एवं शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही विद्यालयों की पाकशाला (किचन) की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक कार्य दिवस पर शत-प्रतिशत एचएमएस (HMS) एंट्री सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।



