Khunti: भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से खूंटी क्लब ने सोमवार को एक सराहनीय पहल करते हुए क्लब गेट के बाहर प्याऊ (शीतल पेयजल केंद्र) का शुभारंभ किया। इस प्याऊ का उद्घाटन क्लब के सचिव गणपत कुमार भगत ने फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर क्लब के सदस्य, स्थानीय नागरिक एवं राहगीर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव गणपत कुमार भगत ने कहा कि गर्मी के इस कठिन दौर में राहगीरों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाना है। “भीषण गर्मी में एक घूंट ठंडा पानी भी किसी के लिए बड़ी राहत साबित होता है।
उन्होंने आगे कहा कि खूंटी क्लब हमेशा जनहित से जुड़े कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा के कार्य जारी रखेगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे इस तरह के सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।
इस पहल की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की और इसे गर्मी के मौसम में आमजन के लिए बेहद उपयोगी कदम बताया। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस तरह के प्याऊ राहगीरों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं, खासकर तब जब तापमान लगातार बढ़ रहा हो।
खूंटी क्लब द्वारा स्थापित यह प्याऊ पूरे गर्मी के मौसम में संचालित रहेगा, जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को शीतल पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष रंजीत प्रसाद, उपाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, संगठन सचिव प्रदीप पांडेय, कृष्ण कुमार मिश्र, महेश चौधरी, मनोज लहकार, श्यामकिशोर भगत, कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, सुदामा साहू समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



