Breaking News

रांची में रिम्स छात्रा गैंगरेप मामले पर उबाल: भाजपा ने SSP कार्यालय का घेराव किया, पुलिस से तीखी नोकझोंक, सरकार पर गंभीर आरोप

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में रिम्स डेंटल छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक आक्रोश तेज हो गया है। इस मामले के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के महानगर इकाई ने सोमवार को SSP कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से जुलूस निकालते हुए SSP कार्यालय तक मार्च किया। वहां पहुंचकर उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर दिया, जिससे प्रदर्शनकारियों, खासकर महिलाओं में आक्रोश और बढ़ गया।

स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब आक्रोशित महिलाओं ने बंद गेट को तोड़ने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। हालांकि स्थिति को बाद में किसी तरह नियंत्रित कर लिया गया।

प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। भाजपा नेता आरती कुजूर ने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज करने में पुलिस ने दो दिन की देरी की, जो बेहद चिंताजनक है।

महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पायल सोनी ने सरकार को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अपराध चरम पर है और महिलाएं लगातार उसका शिकार हो रही हैं।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के मुख्य सचेतक और विधायक नवीन जायसवाल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और इस मामले में पुलिस की भूमिका भी संतोषजनक नहीं रही है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि उनके दबाव के बाद ही जल्दबाजी में एफआईआर दर्ज की गई, जबकि अभी भी एक आरोपी फरार है। उन्होंने मांग की कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। भाजपा ने स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और जरूरत पड़ी तो आगे भी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post