Ranchi: झारखंड में बढ़ती गर्मी और पेयजल संकट को लेकर सरकार सक्रिय हो गई है। राज्य के जल मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने विभागीय तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि हर साल गर्मी में जलस्तर गिरने और मांग बढ़ने से समस्या गंभीर हो जाती है, लेकिन इस बार पहले से तैयारी की गई है।
मंत्री ने बताया कि राज्यभर में बंद पड़े चापाकलों को जल्द चालू करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत 80 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुकी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा गया है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगले 10 दिनों के भीतर सभी खराब हैंडपंपों को ठीक करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का फोकस है कि हर हाल में जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए और इसके लिए व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा रहा है।
इस दौरान मंत्री ने केंद्र सरकार पर आर्थिक सहयोग को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना है कि केंद्रांश मिलने की बात कही जाती है, लेकिन वास्तविकता में केवल आश्वासन मिलता है। उन्होंने दावा किया कि करीब 6260 करोड़ रुपये अब भी बकाया हैं, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा आ रही है।
वहीं, राजेश ठाकुर ने पाकुड़ दौरे के दौरान बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता भ्रष्टाचार से परेशान हो चुकी है और इस बार कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी।
टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारों ने मिलकर बंगाल में नफरत का माहौल बनाया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अधीर रंजन चौधरी मुर्शिदाबाद की सीटों पर मजबूत स्थिति में हैं और बड़ी जीत दर्ज करेंगे।
महिला आरक्षण बिल को लेकर भी राजेश ठाकुर ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उनका आरोप है कि चुनाव को ध्यान में रखते हुए जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है और असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है।
इधर, कोडरमा जिले में नए पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने पदभार संभाल लिया है। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत के बाद उन्होंने जिले को अपराधमुक्त बनाने, ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म करने और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई को अपनी प्राथमिकता बताया। जल्द ही पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर नई रणनीति लागू करने की बात कही गई है।

