Khunti: जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-1, खूंटी के न्यायालय में लंबित स्पेशल पॉक्सो केस में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई न्यायालय द्वारा जारी अजमानतीय वारंट के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल पॉक्सो केस संख्या 19/2024 तथा महिला थाना कांड संख्या 08/2024, दिनांक 31 मार्च 2024 से संबंधित मामले में धारा 376डी, 323, 342, 34 भारतीय दंड संहिता एवं 4 पॉक्सो एक्ट (गैंग रेप) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में नामजद आरोपी माटु उर्फ सोमा उर्फ रतनु मुंडा (उम्र 28 वर्ष), पिता स्व. जोटो मुंडा, निवासी थाना सायको, जिला खूंटी, घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ अजमानतीय वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। लंबे समय से फरार रहने के कारण आरोपी के विरुद्ध पूर्व में न्यायालय के आदेशानुसार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
पुलिस के लगातार प्रयास के बाद अंततः आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



