Ranchi: रांची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र के मांझीटोली स्थित पगला बाबा परिसर में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पेड़ से जीजा और साली का शव लटकता हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
मृतकों की पहचान खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र अंतर्गत बारिगाड़ा टोला राउता निवासी अर्जुन पाहान तथा बुंडू थाना क्षेत्र के नीउरी गांव निवासी आरती कुमारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन पाहान अपनी साली आरती कुमारी के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए बुंडू आया हुआ था।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार सोमवार की रात करीब 11 बजे तिलक की रस्म और दावत खत्म होने के बाद दोनों घर से निकले थे। इसके बाद से ही दोनों का कोई पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह पगला बाबा परिसर में पेड़ से दोनों के शव लटकते मिलने की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना को लेकर परिजन फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, जबकि कई लोग हत्या या ऑनर किलिंग की आशंका जता रहे हैं।
सूचना मिलते ही बुंडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर दोनों की मौत के पीछे सच्चाई क्या है।



