Palamu: झारखंड के पलामू जिले स्थित चियांकि हवाई अड्डे से उड़ान शुरू कराने का मुद्दा एक बार फिर लोकसभा में उठा। पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए केंद्र सरकार से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।
शुक्रवार को लोकसभा के शून्यकाल के दौरान सांसद विष्णु दयाल राम ने क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत चियांकि हवाई अड्डे को शामिल करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह योजना देश के दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
सांसद ने कहा कि चियांकि हवाई अड्डे से उड़ान शुरू होने से पलामू क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास को गति मिलेगी। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार को एक विशेष प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजना है, लेकिन अब तक ऐसा नहीं किया गया है। इस वजह से परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है।
सांसद विष्णु दयाल राम ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से यह स्पष्ट करने का आग्रह किया कि प्रस्ताव के लिए किन-किन जरूरी दस्तावेजों और विवरणों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य सरकार को प्रक्रिया पूरी करने में आसानी होगी।
इसके साथ ही उन्होंने मंत्रालय से संबंधित पत्र की प्रति उपलब्ध कराने की भी मांग की, ताकि वह इस विषय पर मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर सकें और प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
सांसद ने भरोसा जताया कि यदि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली जाती हैं, तो जल्द ही चियांकि हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू हो सकती है, जिससे पूरे पलामू क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा।



