Khunti: खूंटी-माहिल मुख्य पथ स्थित मार्टिन बंग्ला के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा पूरी तरह टूट गया और ट्रैक्टर आगे बढ़ते हुए एक घर की चारदीवारी को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। 
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बिजली का खंभा टूटने से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बाधित हो गई, जिससे आसपास के घरों में अंधेरा छा गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय खूंटी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, बिजली विभाग को भी तत्काल जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और क्रेन की मदद से टूटे हुए खंभे को हटाकर मरम्मत कार्य में जुट गई।
हादसे के कारण मुख्य सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया गया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर सड़क की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस मार्ग की चौड़ाई काफी कम है और थोड़ी-थोड़ी दूरी पर कई संकीर्ण मोड़ हैं, जिससे बड़े वाहनों के लिए चलना जोखिम भरा हो जाता है। इसके अलावा सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे भी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन भारी संख्या में बालू लदे ट्रैक्टर गुजरते हैं। अनुमान के अनुसार, रोजाना करीब 100 से अधिक ट्रैक्टर इस सड़क से आवाजाही करते हैं, जिससे हादसों की आशंका लगातार बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खतरनाक मोड़ों को दुरुस्त किया जाए और भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



