Palamu: “एक राष्ट्र, एक चुनाव” (वन नेशन वन इलेक्शन) के प्रस्ताव को लेकर गठित संयुक्त संसदीय समिति की उच्चस्तरीय बैठक संसद भवन में आयोजित की गई, जिसमें पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री, विधि एवं न्याय पीपी चौधरी ने की।
बैठक में सांसदों और अन्य प्रतिनिधियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने तथा चुनाव प्रणाली में सुधार लाने पर अपने विचार साझा किए। पलामू सांसद ने बताया कि समिति ने “एक राष्ट्र, एक चुनाव” से जुड़े संवैधानिक, प्रशासनिक और व्यावहारिक पहलुओं पर व्यापक चर्चा की। इसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराने की संभावनाओं और इससे जुड़े कानून और प्रक्रिया संबंधी प्रावधानों पर विशेष ध्यान दिया गया।
सदस्यों ने चुनाव की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और संसाधनों की बचत सुनिश्चित करने के उपायों पर अपने सुझाव दिए। इस दौरान चुनावों की कार्यप्रणाली में सुधार, प्रशासनिक व्यवस्थाओं का सुदृढ़ीकरण और संसदीय निगरानी जैसे मुद्दों पर भी विचार विमर्श हुआ।
पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने बताया कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों और विचारों को संकलित कर समिति के द्वारा विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्णय लिया गया है। यह रिपोर्ट आगामी विधायी प्रक्रिया और चुनाव सुधारों के लिए मार्गदर्शन करेगी।
सांसद विष्णुदयाल राम संयुक्त संसदीय समिति के स्थायी सदस्य भी हैं और इस बैठक में उनकी भागीदारी से पलामू क्षेत्र की आवाज़ राष्ट्रीय स्तर पर उठाई गई।


