Khunti: खूंटी जिला अंतर्गत रनिया थाना क्षेत्र के तूरीगड़ा के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ था जब बाइक और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई थी टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क से दूर खेत में जा गिरे थे।
मृतकों की पहचान खूंटी थाना क्षेत्र के लटरजंग निवासी सनिका मुंडा, तूरी मुंडा तथा पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा अंतर्गत गुदड़ी थाना क्षेत्र के उड़रिंग गांव निवासी मानू बरजो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सनिका मुंडा और तूरी मुंडा पेशे से जेसीबी चालक थे।
मृतक के परिजनों जगरनाथ मुंडा और मृदा पाहन ने बताया कि दोनों युवक सनिका मुंडा और तूरी मुंडा जेसीबी चालक थे फिलहाल दोनों बानो क्षेत्र में मेढ़बंदी कार्य में जेसीबी चला रहे थे। कुछ दिनों की छुट्टी लेकर वे घर आए थे और सोमवार को दोनों युवक अपने एक सहयोगी मानू बरजो के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर वापस कार्यस्थल लौट रहे थे। इसी दौरान तूरीगड़ा के समीप रनिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई थी स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रनिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों शवों को कब्जे में लेकर थाना ले गई थी। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाकर शवों को परिजनों को सौंप दिया।
इस हृदयविदारक घटना से लटरजंग और उड़रिंग गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।


