Ranchi: रांची नगर निगम चुनाव में महापौर और पार्षदों के निर्वाचन के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने समर्थित उम्मीदवारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित महापौर रोशनी खलखो का जोरदार स्वागत किया गया, जिसमें आतिशबाजी और अभिनंदन के साथ उनका सम्मान किया गया। समारोह में रांची विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

कार्यकर्ताओं का जताया आभार
रांची महानगर भाजपा कार्यालय में आयोजित समारोह में नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों ने रांची के समग्र विकास के संकल्प को दोहराया और चुनाव में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं एवं जनता का आभार व्यक्त किया। विधायक सीपी सिंह ने कहा कि जनता के बीच आपका व्यवहार और किए गए कार्य ही आपकी पहचान बनाते हैं, इसी वजह से लोग बार-बार भरोसा जताते हैं। नवीन जायसवाल ने बताया कि चुनाव परिणाम ने पार्टी की स्थिरता और जनता के साथ उनके व्यवहार की सफलता को प्रदर्शित किया।

महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि यह कार्यक्रम शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि चुनाव जीतने की खुशी में आयोजित सम्मान समारोह है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नगर विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पार्षदों और महापौर पूरी लगन से काम करेंगे।
उप महापौर पद पर भाजपा की चुनौती
नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित कुल 18 पार्षद विजयी हुए हैं, जिनमें से लगभग 14 पार्षद समारोह में उपस्थित थे। हालांकि, उप महापौर (डिप्टी मेयर) के चुनाव में बहुमत हासिल करने के लिए पार्टी को अभी नौ पार्षदों के अतिरिक्त समर्थन की आवश्यकता है। ऐसे में उप महापौर पद को लेकर पार्टी की रणनीति और कवायद तेज हो गई है।



