Ranchi: रांची में हुए नगर निगम चुनाव 2026 के नतीजों ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि शहर की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी लगातार मजबूत हो रही है। रांची नगर निगम के 53 वार्डों में हुए चुनाव में 32 वार्डों पर महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि 21 वार्डों में पुरुष उम्मीदवार विजयी रहे। इस तरह नई परिषद में महिलाओं की संख्या स्पष्ट रूप से अधिक रहेगी और उनकी भूमिका निर्णायक मानी जा रही है।
कई वार्डों में महिला प्रत्याशियों ने मजबूत जनाधार के साथ जीत हासिल की, तो कई स्थानों पर बेहद कांटे की टक्कर देखने को मिली। वार्ड 38 में मात्र 26 वोटों का अंतर रहा। वार्ड 33 में 74 वोट, वार्ड 14 में 96 वोट और वार्ड 2 में 97 वोट के मामूली अंतर से परिणाम तय हुए। इन करीबी मुकाबलों ने दिखाया कि कई जगह आखिरी वोट तक रोमांच बना रहा।
महिला विजेताओं में वार्ड 2 से सविता कच्छप ने 97 वोट से जीत दर्ज की, जबकि वार्ड 14 से अंजू देवी ने 96 वोटों के अंतर से बाजी मारी। वार्ड 33 से पुष्पा टोप्पो ने 74 वोटों से जीत हासिल की। वार्ड 9 से प्रीति रंजन ने 1907 वोट, वार्ड 10 से संगीता देवी ने 1668 वोट और वार्ड 11 से आलिया नाज ने 1789 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वार्ड 23 से फरहा नाज ने 4370 वोटों की बड़ी बढ़त के साथ जीत हासिल की, जबकि वार्ड 43 में शशि सिंह ने 2910 वोटों से मजबूत प्रदर्शन किया।
हालांकि कई वार्डों में महिलाओं का दबदबा रहा, लेकिन पुरुष प्रत्याशियों ने भी 21 वार्डों में जीत दर्ज कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वार्ड 12 से कुलभूषण डुंगडुंग ने 2632 वोट, वार्ड 26 से प्रदीप कुमार ने 2781 वोट और वार्ड 31 से नीरज कुमार ने 2693 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। वार्ड 22 से मो. असलम ने 5226 वोटों की उल्लेखनीय बढ़त के साथ जीत दर्ज की, जो इस चुनाव की सबसे बड़ी जीतों में शामिल रही। वहीं वार्ड 52 से पीटर खोया ने 4673 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
इन नतीजों से साफ है कि रांची नगर निगम की नई परिषद में महिलाओं की भूमिका पहले से अधिक प्रभावशाली होगी। आने वाले कार्यकाल में नगर विकास, स्वच्छता, आधारभूत संरचना और सामाजिक योजनाओं में ‘नारी शक्ति’ की भागीदारी और असर दोनों ही बढ़ने की संभावना है।



