Ranchi: झारखंड में सोमवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हो गया। रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित खसियातु करम टांड जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय विमान में पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे। घटना की पुष्टि चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने की है। उन्होंने बताया कि विमान क्रैश हो गया है और राहत एवं बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बीचक्राफ्ट (BE9L) विमान, जिसका निर्माण अमेरिकी कंपनी Beechcraft ने किया है, ने दोपहर 13:41 UTC (19:11 IST) पर रांची से उड़ान भरी थी। 14:04 UTC (19:34 IST) पर अटाली क्षेत्र के पास उससे आखिरी बार संपर्क हुआ। अंतिम संचार VHF 132.25 फ्रीक्वेंसी पर दर्ज किया गया। इसके बाद विमान ने वाराणसी एयरस्पेस में प्रवेश से पहले ही संपर्क खो दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 14:35 UTC (20:05 IST) पर रेस्क्यू को-ऑर्डिनेशन सेंटर (RCC) सक्रिय कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि विमान पलामू और गढ़वा के ऊपर से गुजर रहा था, तभी वह रडार से गायब हो गया। बाद में पुष्टि हुई कि विमान चतरा जिले के जंगल क्षेत्र में क्रैश हो गया है।

इस एयर एंबुलेंस में एक गंभीर रूप से झुलसे मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। रांची स्थित देवकमल हॉस्पिटल के निदेशक और प्लास्टिक सर्जन डॉ. अनंत सिन्हा ने बताया कि लातेहार के चंदवा निवासी 41 वर्षीय संजय कुमार को 16 फरवरी को 55 प्रतिशत जले की अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना उन्हें पुलिस के माध्यम से मिली।
विमान में कुल सात लोग सवार थे। इनमें कैप्टेन विवेक विकास भगत (पायलट), कैप्टेन सवराजदीप सिंह (को-पायलट), डॉ. विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर), सचिन कुमार मिश्रा (पारामेडिक स्टाफ), संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी और धीरू कुमार (तीमारदार) शामिल थे।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जंगल क्षेत्र में हादसा होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन प्रशासन की टीमें लगातार राहत अभियान में जुटी हैं। राज्य में इस घटना से शोक और चिंता का माहौल है।




