Ranchi: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली रेड बर्ड कंपनी की एक एयर एंबुलेंस के लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि एयर एंबुलेंस शाम करीब 7 बजे रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क टूट गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एयरक्राफ्ट में एक मरीज समेत कुल सात लोग सवार थे, जिनमें मेडिकल स्टाफ और क्रू मेंबर शामिल बताए जा रहे हैं। विमान के पलामू क्षेत्र पार करने के बाद उसका रडार से संपर्क समाप्त हो गया, जिसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी और स्थानीय प्रशासन में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रांची एयरपोर्ट पर सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। एटीसी द्वारा संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया गया है और संभावित रूट पर खोजबीन तेज कर दी गई है।
इस बीच देर शाम लातेहार जिले के शिबला जंगल क्षेत्र में विमान के कुछ अवशेष मिलने की चर्चा सामने आई है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमों को संभावित क्षेत्र में रवाना किया गया है ताकि स्थिति की सत्यता का पता लगाया जा सके।

फिलहाल प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। परिजनों और संबंधित लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि खोज एवं बचाव कार्य जारी है और स्थिति स्पष्ट होते ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।




