Giridihi: गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में मतदान समाप्ति के बाद वार्ड-16 में हुई मारपीट और गोलीबारी की घटना ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
एसआईटी का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह कर रहे हैं। टीम में एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव और डीएसपी कौशर अली को भी शामिल किया गया है। जांच टीम ने फायरिंग की घटना की गहन पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
आईजी की बैठक, थानेदार हटाए गए
घटना के बाद आईजी सुनील भास्कर गिरिडीह पहुंचे और डीसी रामनिवास यादव तथा एसपी डॉ बिमल कुमार के साथ देर रात तक समीक्षा बैठक की। बैठक में पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जांच की गई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। उनकी जगह रतन कुमार सिंह को नगर थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मतदान के दिन दो बार हुई झड़प
बताया गया कि सोमवार को मतदान शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही वार्ड नंबर 18 में पहली झड़प हुई थी, जिसे प्रशासन ने शांत करा दिया था। लेकिन शाम को मतदान समाप्त होने के बाद फिर विवाद भड़क उठा और स्थिति हिंसक हो गई। इस दौरान गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। राजू खान के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही डीसी और एसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
लोगों ने इस घटना का आरोप शिवम और उसके समर्थकों पर लगाया है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। देर रात तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस कार्रवाई के आश्वासन पर जाम हटा लिया गया।
फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।


