Breaking News

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का आरोप—झारखंड में अपराधियों की ‘समानांतर सरकार’, निकाय चुनाव को लेकर सियासत तेज

Jamshedpur: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद चुनाव के मद्देनज़र विभिन्न दलों के बड़े नेताओं का दौरा तेज हो गया है। पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार और बयानबाज़ी खुलकर सामने आ रही है।

जमशेदपुर दौरे पर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने मानगो क्षेत्र में मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह तथा जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह के पक्ष में प्रचार किया और स्थानीय मतदाताओं से समर्थन की अपील की।

मीडिया से बातचीत के दौरान आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में मौजूदा सरकार अपराधियों और असामाजिक तत्वों को संरक्षण दे रही है, जिससे राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि कोल्हान के चक्रधरपुर क्षेत्र में एनडीए समर्थित प्रत्याशियों को कथित रूप से धमकियां मिल रही हैं और इससे चुनावी माहौल प्रभावित हो रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी होती है, तो भाजपा अदालत का दरवाज़ा खटखटाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार हार के डर से गैर-दलीय आधार पर चुनाव करवा रही है। साथ ही प्रशासन को निष्पक्ष भूमिका निभाने की नसीहत देते हुए कहा कि निकाय चुनाव में एनडीए समर्थित प्रत्याशियों की जीत तय है।

दूसरी ओर, जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी इंदु देवी के समर्थन में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता डॉ. अजय कुमार ने जनसभा को संबोधित किया और पदयात्रा कर मतदाताओं से समर्थन मांगा।

डॉ. अजय कुमार ने कहा कि यह दलीय आधार पर चुनाव नहीं है और किसी भी पार्टी का चुनाव चिन्ह इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में धर्म के नाम पर वोट मांगे जा रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे धर्म नहीं, बल्कि प्रत्याशी की योग्यता और कार्यों को देखकर मतदान करें।

उन्होंने यह भी कहा कि भय का माहौल बनाकर वोट हासिल करने की कोशिश करने वालों को जनता जवाब देगी। अपने संबोधन में उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग धर्म के नाम पर समर्थन मांग रहे हैं, जबकि उनका सामाजिक योगदान सीमित रहा है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post