Dhanbad: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को धनबाद पहुंचेंगे। वे सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो के भाई डॉ. बुद्धदेव महतो के श्राद्धकर्म में शामिल होकर शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय से इस संबंध में धनबाद जिला प्रशासन को आधिकारिक सूचना प्राप्त हो चुकी है, जिसके बाद प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम, ट्रैफिक डीएसपी तथा सीओ प्रकाश कुमार ने बलियापुर हवाई पट्टी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने हेलिपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और वीआईपी मूवमेंट को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर बलियापुर हवाई पट्टी पर उतरेगा। इसके बाद वे 12 बजकर 35 मिनट पर सड़क मार्ग से बड़ादाहा फार्म हाउस के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे वहां कुछ समय रुककर शोकाकुल परिवार से मुलाकात करेंगे और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर मुख्यमंत्री बलियापुर हवाई पट्टी से हेलीकॉप्टर के जरिए रांची के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर विशेष एहतियात बरते जा रहे हैं। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने भी मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम की पुष्टि की है।


