Dhanbad : धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित चर्चित सिंह मेंशन पर रविवार देर रात बमबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच बाइक सवार अपराधियों ने सिंह मेंशन को निशाना बनाया। बदमाशों ने दो बम फेंके, जिनमें से एक बम मेंशन के गेट के अंदर जाकर फट गया, जबकि दूसरा बाहर गिरा। जिस जगह बम धमाका हुआ, वहां आमतौर पर लोग बैठते हैं, हालांकि गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना के समय झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह, उनकी पत्नी और वर्तमान झरिया विधायक रागिनी सिंह अपने कमरे में मौजूद थीं। धमाके की आवाज सुनते ही पूरे आवास में अफरा-तफरी मच गई। गार्ड और घर में मौजूद लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही सिंह मेंशन समर्थक भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सबसे पहले परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की है और डीवीआर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बमबाजी की सूचना मिली थी और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने पूर्व विधायक संजीव सिंह से भी घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे किसका हाथ है और इसका मकसद क्या था।
गौरतलब है कि सिंह मेंशन में पूर्व विधायक संजीव सिंह, उनकी पत्नी विधायक रागिनी सिंह और झरिया की पूर्व विधायक कुंती सिंह रहती हैं। संजीव सिंह ने नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए दावेदारी की है और मंगलवार को नामांकन दाखिल करने वाले हैं। ऐसे में चुनावी माहौल के बीच हुई इस बमबाजी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।


