Ranchi: रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र अंतर्गत जिन्तू पंचायत के महकमशिला गांव में जंगली हाथी के हमले से 67 वर्षीय सूर्यनाथ महतो की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना रविवार शाम करीब छह बजे की बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, सूर्यनाथ महतो शाम के समय गांव के तालाब की ओर गए थे। लौटने के दौरान अचानक जंगली हाथी से सामना हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोगों का जीवन असुरक्षित हो गया है। वन विभाग की ओर से लोगों को जंगल एवं आसपास के क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की गई है।
लगातार हो रही मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बुंडू वन प्रक्षेत्र में एक के बाद एक हो रही घटनाओं से जहां ग्रामीणों में दहशत है, वहीं पूरा क्षेत्र चिंता में डूबा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनाओं के बावजूद न तो सरकार और न ही वन विभाग की ओर से जनता की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस और प्रभावी नीति नजर आ रही है। यदि हालात ऐसे ही बने रहे तो पहाड़ी और वनवर्ती गांवों से पलायन बढ़ सकता है।
जंगली हाथियों के हमले में अब तक इन लोगों की जा चुकी है जान:
1. 20 दिसंबर 2023 — सोनाहातू थाना क्षेत्र के चोगा गांव में 62 वर्षीय गोविंद कोइरी की मौत।
2. 5 जनवरी 2024 — राहे प्रखंड के बेहराजरा गांव में 56 वर्षीय दुखीराम महतो की मौत।
3. 6 जनवरी 2024 — राहे प्रखंड के हुसीरबेड़ा गांव में दिनदहाड़े 62 वर्षीय माड़ाय सिंह मुंडा की मौत।
4. 13 जनवरी 2024 — सोनाहातू थाना क्षेत्र के गाड़ाडीह गांव में सुखदेव गोराई की मौत।
5. 12 मार्च 2024 — सोनाहातू के बारेन्दा कोइरीटोला में 60 वर्षीय बसंतलाल कोइरी की मौत।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने मानव–वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है और प्रशासन के सामने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।



