Ranchi: गुरु रविदास समिति, कांके रोड रांची के तत्वावधान में आज गांधीनगर स्थित रीक्रिएशन क्लब परिसर में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती समारोह श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता के संदेश के साथ भव्य रूप से आयोजित की गई। समारोह में कांके विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार बैठा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शत्रुघ्न राम ने की, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी समिति के महासचिव योगेंद्र राम ने निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के मुख्य संरक्षक सदैव राम द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया, जिसके साथ ही पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मुख्य अतिथि विधायक सुरेश कुमार बैठा ने अपने संबोधन में संत गुरु रविदास जी के विचारों को आज के समाज के लिए प्रासंगिक बताते हुए समाज की एकजुटता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समानता, भाईचारे और मानवता का जो संदेश दिया है, वही सामाजिक समरसता की मजबूत नींव है। विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि समाज के समक्ष यदि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो वे तन, मन और धन से समाज के साथ खड़े रहेंगे। 
मुख्य संरक्षक सहदेव राम ने अपने संबोधन में संत गुरु रविदास जी के जीवन, उनके संघर्षों और शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कर्म की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गुरु जी का जीवन समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। इसके पश्चात समिति के संरक्षक रामनिवास राम एवं उनकी भजन मंडली द्वारा भजन प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से गुरु रविदास जी के उपदेशों और आदर्शों को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया।

इसी क्रम में समिति द्वारा समाजसेवा एवं संगठनात्मक योगदान के लिए बिजेंद्र कुमार राम को सॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन राम लगन राम द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी अतिथियों, समिति पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में मगन राम, राजेश कुमार, रामलाल राम, कामेश्वर रविदास, रणधीर कुमार राम, विकास कुमार, रवि शंकर राम, विजेंद्र कुमार राम, सुशील कुमार, संजय राम, अरविंद राम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सामाजिक एकता, समरसता और संत गुरु रविदास जी के विचारों को आत्मसात करने के संदेश के साथ संपन्न हुआ।



