Khunti: खूंटी जिले के कुंजला क्षेत्र में वन विभाग की सतर्कता से नारियल की आड़ में की जा रही गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। अवैध लकड़ी तस्करी की सूचना के आधार पर सड़कों पर वाहन जांच के दौरान वन विभाग की गश्ती टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर लाखों रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया गया।
जांच के दौरान ट्रक के ऊपर नारियल लदा हुआ था, जबकि नीचे बोरे में छिपाकर भारी मात्रा में गांजा रखा गया था। तस्करों ने मादक पदार्थ की तस्करी को छिपाने के लिए नारियल को ढाल के रूप में इस्तेमाल किया था, ताकि किसी को शक न हो। कार्रवाई के समय ट्रक चालक, खलासी और एक अन्य व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलते ही प्रभारी वनपाल प्रवीण कुमार सिंह ने तुरंत खूंटी थाना प्रभारी अशोक सिंह और एनडीपीएस थाना को जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। बाद में ट्रक को खूंटी एनडीपीएस थाना के हवाले कर दिया गया।
थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि गांजे का वजन कराए जाने के बाद उसकी कुल कीमत का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल ट्रक नंबर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और फरार तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।


