Khunti: खूंटी प्रखंड क्षेत्र के तूतटोली स्थित जय बजरंगबली महिला मंडल द्वारा संचालित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार के विरुद्ध ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। तिरला पंचायत के वार्ड संख्या 5 के सदस्य, एरिंडा ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में लाभुकों ने इस संबंध में खूंटी उपायुक्त को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इस शिकायत की प्रति जिला आपूर्ति पदाधिकारी, खूंटी को भी दी गई है।

ग्रामीणों की शिकायत को और बल तब मिला जब खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने मांग पत्र पर अपनी अनुशंसा करते हुए प्रशासन से मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। विधायक की अनुशंसा के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
गलत व्यवहार, राशन कटौती और अधिक राशि वसूली के आरोप
उपायुक्त को सौंपे गए शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जय बजरंगबली महिला मंडल के पीडीएस दुकानदार द्वारा लाभुकों के साथ अशोभनीय व्यवहार किया जाता है। कई बार लाभुकों को समय पर राशन नहीं दिया जाता, और जब इस संबंध में पूछताछ की जाती है तो दुकानदार द्वारा गाली-गलौज और अभद्रता की जाती है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पीला कार्डधारी लाभुकों को मिलने वाले निर्धारित अनाज में से 6 किलोग्राम तक की कटौती की जाती है, साथ ही निर्धारित दर से अधिक पैसे भी वसूले जाते हैं। वहीं, जो लाभुक दुकानदार के करीबी हैं या विरोध नहीं करते, उन्हें अपेक्षाकृत कम कटौती और कम राशि लेकर राशन दिया जाता है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि ऐसे लाभुकों में कुछ आर्थिक रूप से संपन्न लोग भी शामिल हैं, जो नियमों के विरुद्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।
धोती-साड़ी योजना में भी गड़बड़ी का आरोप
शिकायत में सरकार की गरीब कल्याणकारी धोती-साड़ी योजना को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गरीबों के बीच वितरण के लिए आने वाली धोती और साड़ी का वितरण योग्य लाभुकों तक नहीं किया जाता, बल्कि जन वितरण प्रणाली दुकानदार से जुड़े लोग इन्हें आपस में ही बांट लेते हैं, जिससे वास्तविक जरूरतमंद वंचित रह जाते हैं। 
पूरे राज्य में व्याप्त है समस्या
ग्रामीणों ने शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि यह स्थिति केवल खूंटी जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राज्य में कई स्थानों पर ऐसे ही हालात हैं, जहां संपन्न लोग भी गरीबों के लिए बनी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। भय या दबाव के कारण ग्रामीण और जनप्रतिनिधि अक्सर शिकायत करने से हिचकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गहन जांच कर अपात्र लाभुकों को योजना से बाहर किया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
जांच टीम गठित, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, खूंटी भीम उरांव ने बताया कि उन्हें तूतटोली के पीडीएस दुकानदार के विरुद्ध लाभुकों द्वारा लिखित शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित कर दी गई है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमसंगत कार्रवाई की जाएगी।
विधायक की अनुशंसा, ग्रामीणों की एकजुट शिकायत और प्रशासन द्वारा गठित जांच टीम के बाद अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि तूतटोली में गरीबों के हक पर हो रही कथित गड़बड़ियों पर कब और कैसी कार्रवाई होती है।



