Breaking News

एआई के क्षेत्र में झारखंड भी बढ़ा कदम आगे, देवघर के एसटीपीआई में युवाओं को मिल रही विशेष ट्रेनिंग

Deoghar: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीकों के क्षेत्र में झारखंड के युवा अब तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आने वाले समय में एआई की बढ़ती भूमिका को देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा देशभर में जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी इस तकनीक से जोड़ा जा सके।

इसी क्रम में देवघर के जसीडीह स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (STPI) में युवाओं को एआई से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। यहां प्रतिदिन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और संभावनाओं से परिचित कराना है।

अच्छे आइडिया ही सफलता की कुंजी: एसटीपीआई डीजी

एसटीपीआई के डायरेक्टर जनरल अरविंद कुमार ने बताया कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने अच्छे विचारों के बल पर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि एआई के इस युग में अनुभव से ज्यादा महत्व अच्छे आइडिया का है। तीन–चार दशक पहले जहां आईटी की चर्चा होती थी, वहीं आने वाले समय में केवल एआई ही केंद्र में रहेगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आने वाले महीनों में देवघर स्थित एसटीपीआई के भवन और परिसर को और विकसित किया जाएगा। प्रशिक्षण सत्रों की अवधि बढ़ाई जाएगी और एआई विशेषज्ञ स्टाफ की नियुक्ति कर युवाओं को और बेहतर ट्रेनिंग दी जाएगी।

जनजीवन में एआई के उपयोग पर विशेष फोकस

जन-एआई संस्था के संस्थापक मदन पाडके ने बताया कि उनकी संस्था छात्रों को यह सिखा रही है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सही उपयोग आम जनजीवन में कैसे किया जाए। इस विषय को लेकर सरकार के साथ भी लगातार संवाद और विचार-विमर्श किया जा रहा है।

वहीं प्रशिक्षक माधुरी ने बताया कि अब तक करीब 350 युवाओं को एआई से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा चुका है। फिलहाल 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को ट्रेनिंग दी जा रही है, जबकि भविष्य में सभी आयु वर्ग के लोगों को प्रशिक्षण देने की योजना है। ट्रेनिंग के दौरान यह भी बताया जाता है कि एआई का उपयोग पढ़ाई, नौकरी और इंटरव्यू की तैयारी में कैसे किया जा सकता है, वो भी बिना किसी कोडिंग या तकनीकी ज्ञान के।

देवघर को आईटी और एआई हब बनाने की तैयारी

बता दें कि देशभर में एसटीपीआई के कुल 68 केंद्र संचालित हैं। इनमें झारखंड में रांची और देवघर, जबकि बिहार में पटना और भागलपुर में केंद्र स्थित हैं। जसीडीह स्थित एसटीपीआई न केवल देवघर बल्कि आसपास के जिलों के युवाओं को भी आईटी और एआई से जुड़े रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है।

इस अवसर पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर को आईटी और एआई हब बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फरवरी में दिल्ली में आयोजित होने वाले एआई कार्यक्रम को लेकर देवघर को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने पर अधिकारियों के साथ निरंतर चर्चा चल रही है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post