Simdega : सिमडेगा में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन की गारंटी (वीबी जी राम जी) को लेकर आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मिशन की रूपरेखा और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने इसे रोजगार सृजन और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने वाला प्रभावी कानून बताया।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि इस मिशन का मुख्य उद्देश्य गांवों को सशक्त बनाना है, ताकि जमीनी स्तर पर रोजगार और आजीविका के वास्तविक अवसर पैदा हों। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पूर्व की योजनाएं—जैसे जवाहर रोजगार योजना—पारदर्शिता और सामाजिक ऑडिट के अभाव में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गईं। जॉब कार्ड के दुरुपयोग, मशीनों से काम और फर्जी निकासी जैसे आरोप भी उन्होंने लगाए।

उन्होंने जोर देकर कहा, “जब गांव मजबूत होगा, तभी राज्य मजबूत होगा और राज्य मजबूत होगा तो राष्ट्र भी मजबूत बनेगा।”
राजनीतिक संकेत और राज्य सरकार पर निशाना
खूंटी लोकसभा को लेकर मुंडा ने दावा किया कि जनता अब अपने फैसले पर पुनर्विचार कर रही है और आने वाले समय में वहां भाजपा की वापसी होगी। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक पुरी ने राज्य में डॉक्टरों और शिक्षकों की कमी, विकास योजनाओं की सुस्ती और प्रशासनिक बेलगामी पर चिंता जताई।
अन्य वक्ताओं की बात
पूर्व मंत्री विमला प्रधान ने कहा कि भाजपा की नीतियां गांव, गरीब और श्रमिक केंद्रित हैं, जबकि अन्य दलों को न विकास से सरोकार है, न संस्कृति से। सम्मेलन में दुर्गविजय सिंहदेव समेत कई नेताओं ने भी संबोधन किया।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और महिला मोर्चा की बड़ी भागीदारी रही।



