Khunti: कर्रा प्रखंड में 77वें गणतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज 26 जनवरी को झंडोत्तोलन कार्यक्रम के उपरांत प्रखंड सह अंचल सभागार में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कर्रा प्रखंड के कुल 251 झारखंड आंदोलनकारियों एवं उनके आश्रितों को अंचल कार्यालय कर्रा की ओर से प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम के दौरान झारखंड को अलग राज्य बनाने के लिए चले ऐतिहासिक आंदोलन में आंदोलनकारियों द्वारा दिए गए त्याग, संघर्ष और सराहनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन इन्हीं आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्य निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देना हम सभी का नैतिक दायित्व है। 
सम्मानित किए गए प्रमुख झारखंड आंदोलनकारियों में विजय सिंह, मकसूद अंसारी, महादेव मुंडा, हेमंत तोपनो, फ्रैंकलिन धान, लक्ष्मी नारायण प्रसाद, सुनील होरो, भिमसेंट संगा, सुनिता मिंज, इसरत बानो, सूरज गोप, जुलयानी संगा, लाल सिंह मुंडा, सुलेमान धान, करमा मुंडा, लालू मुंडा सहित सैकड़ों आंदोलनकारी एवं उनके आश्रित शामिल रहे। सभी को प्रमाण पत्र देकर उनके योगदान के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।
इस अवसर पर अंचल अधिकारी अन्वेषा ओना, प्रखंड विकास पदाधिकारी स्मिता नगेशिया, अंचल निरीक्षक सुकेश रंजन, हल्का कर्मचारी एवं अन्य अंचल व प्रखंड कर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। 
कार्यक्रम के अंत में आंदोलनकारियों और उनके परिजनों ने प्रशासन के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान से न केवल उनके संघर्ष को पहचान मिलती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी झारखंड आंदोलन के इतिहास से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।



