Dumka : दुमका में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला प्रेम के चलते हुए विवाद का है, जिसमें एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर बुरी नजर रखने के आरोप में अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी।
दो दिन पहले मसलिया थाना क्षेत्र के हारोरायडीह गांव निवासी बाबूसोल बास्की ने थाने में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके साले चूहापानी हांसदा की पत्थर से पिटाई करके हत्या कर दी गई। मृतक के बहनोई ने बताया कि चूहापानी अपने चचेरे भाई मनीलाल के साथ फुटबॉल मैच देखने के लिए निकले थे। लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट की, जिसमें चूहापानी की मौत हो गई और मनीलाल घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 05/26 के तहत धारा 103 (1)/3 (5) बीएनएस के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस की टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो वहां की परिस्थितियों और लोगों से पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि ऐसी कोई बाहरी घटना नहीं हुई थी। गहन जांच में पता चला कि मृतक और मनीलाल के बीच विवाद हुआ था और मनीलाल ने लोहे के कड़े और पत्थर से मारकर चूहापानी की हत्या की थी।
दुमका एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने प्रेसवार्ता में हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि संदेह के आधार पर मनीलाल हांसदा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि चूहापानी पहले से ही उसकी प्रेमिका पर बुरी नजर रखता था। हत्या वाले दिन दोनों ने फुटबॉल मैच देखा और साथ में हड़िया (देसी शराब) पी तथा खाना खाया, जिसका खर्च चूहापानी ने उठाया था।
रात करीब आठ बजे वे दोनों घर लौट रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर चूहापानी ने खर्च के 100 रुपये देने की मांग की, जिससे दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले से ही प्रेमिका पर बुरी नजर रखने के कारण मनीलाल चूहापानी से नाराज था, और रुपये की मांग ने उसे और अधिक भड़काया। इसी दौरान मनीलाल ने लोहे के कड़े और पत्थर से चूहापानी के सिर पर हमला कर दिया। चूहापानी गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में उपयोग किए गए खून लगे पत्थर और लोहे का कड़ा भी बरामद कर लिया है।



