Khunti: मुरहू थाना क्षेत्र से अपहरण का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां परीक्षा देने जा रहे एक छात्र को बोलेरो सवार अपराधियों ने अगवा कर लिया। हालांकि, छात्र ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए अपहरणकर्ताओं के चंगुल से खुद को बचा लिया। 
जानकारी के अनुसार, हस्सा पंचायत के गजगांव निवासी मूरिश पूर्ति वर्तमान में गोडाटोली पंचायत में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका पुत्र पेलोल के एक स्कूल में पढ़ता है और आज उसे परीक्षा में शामिल होना था, जिसके लिए पिता उसे स्कूल तक छोड़कर गए थे। इसी दौरान छात्र पेन लाना भूल गया। पेन खरीदने के लिए पिता ने उसे पैसे दिए और वह स्कूल के पास खूंटी–तोरपा मुख्य सड़क किनारे स्थित एक दुकान पर गया।
बताया जाता है कि उसी समय खूंटी की ओर से आ रही एक बोलेरो वहां रुकी, जिसमें कुछ लोग सवार थे, जबकि पास में एक बाइक पर भी दो लोग मौजूद थे। बोलेरो सवारों ने दुकानदार से कुछ सामान मांगा, जिसे दुकानदार ने पास खड़े छात्र के हाथों भेज दिया। जैसे ही छात्र सामान देने गया, बोलेरो सवारों ने उसे जबरन खींचकर गाड़ी में बैठा लिया और बोलेरा व बाइक सवार सभी तोरपा की ओर फरार हो गए।
डोड़मा के पास किसी कारणवश गाड़ी रोकी जहां छात्र ने मौके का फायदा उठाया और एक अपहरणकर्ता को जोरदार धक्का देकर जंगल की ओर भाग निकला। अपराधियों ने कुछ दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन घने जंगल और झाड़ियों का लाभ उठाकर छात्र उनके हाथ नहीं आया। इस दौरान छात्र का स्कूल बैग बोलेरो में ही छूट गया। वह शारिदकेल और घाघरा के रास्ते होते हुए किसी तरह सुरक्षित अपने घर पहुंचा।
घर पहुंचकर छात्र ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी। उसने यह भी बताया कि बोलेरो में सवार लोग उड़िया भाषा में बातचीत कर रहे थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वे स्थानीय नहीं थे। इसके बाद पीड़ित बच्चे के पिता स्कूल पहुंचे और प्रधानाध्यापक को घटना से अवगत कराया। पिता ने बताया कि इस संबंध में दोपहर में ही फोन के माध्यम से संबंधित स्कूल के प्रिंसिपल ने मुरहू थाना को सूचना दी है, हालांकि अब तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। 
वहीं, इस संबंध में मुरहू थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें न तो किसी प्रकार का फोन प्राप्त हुआ है और न ही अब तक इस घटना की कोई आधिकारिक जानकारी दी गई है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रांची से दो बच्चों के लापता होने के मामले में एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ था, जो बच्चों की चोरी कर उनसे भीख मंगवाने का काम करता था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि खूंटी में हुई इस अपहरण की कोशिश का तार भी उसी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल, मामले को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



