Chaibasa : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल से गुरुवार सुबह बड़ी सुरक्षा कार्रवाई की खबर सामने आई है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुंभडीह गांव के पास सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में 5 से 7 माओवादी मारे गए हैं।
अनल दस्ते के साथ हुई मुठभेड़
सूत्रों के मुताबिक सुरक्षाबलों का सामना प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के कुख्यात अनल दस्ते से हुआ। खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली थी कि इलाके में नक्सली किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई।
50 लाख के इनामी माओवादी के मारे जाने की आशंका
सूत्रों का दावा है कि मुठभेड़ में संगठन का एक शीर्ष कमांडर भी ढेर हुआ है, जिस पर 50 लाख रुपये का इनाम घोषित था। हालांकि अब तक पुलिस प्रशासन ने न तो मारे गए नक्सलियों की संख्या की और न ही किसी बड़े कमांडर की पहचान की आधिकारिक पुष्टि की है।
इलाके में लगातार फायरिंग, ऑपरेशन जारी
गुरुवार सुबह से ही इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी की आवाजें सुनी जा रही हैं। सुरक्षाबलों ने पूरे जंगल क्षेत्र को घेर लिया है और नक्सलियों के भागने के सभी संभावित रास्तों को सील कर दिया गया है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी मौके पर भेजा गया है।
डीआईजी ने की मुठभेड़ की पुष्टि
कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है। क्षेत्र की कठिन भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान समाप्त होने के बाद ही विस्तृत और आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
सारंडा क्षेत्र में हाई अलर्ट
मुठभेड़ के बाद पूरे सारंडा जंगल क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है।



