Breaking News

दावोस में झारखंड की बड़ी औद्योगिक छलांग: टाटा स्टील का 11,000 करोड़ का ग्रीन स्टील निवेश, सीएम हेमंत सोरेन को WEF का व्हाइट बैज सम्मान

Ranchi :  विश्व आर्थिक मंच (WEF) 2026 के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने दावोस में टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में टाटा स्टील ने झारखंड में न्यू एज ग्रीन स्टील तकनीक के तहत कुल 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर आशय पत्र (LoI) और सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

ग्रीन स्टील परियोजनाओं में होगा बड़ा निवेश

प्रस्तावित निवेश के तहत हिरसाना ईजी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी परियोजना में 7,000 करोड़ रुपये, कॉम्बी मिल परियोजना में 1,500 करोड़ रुपये और टिनप्लेट विस्तार परियोजना में 2,600 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। ये सभी परियोजनाएं पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिनमें नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

रोजगार सृजन और टिकाऊ विकास पर जोर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी झारखंड को हरित औद्योगिक परिवर्तन के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह निवेश राज्य की औद्योगिक क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ ग्रीन एनर्जी और जलवायु-अनुकूल विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी मजबूती देगा।

हिताची और अन्य वैश्विक निवेशकों की रुचि

इस दौरान हिताची कंपनी ने झारखंड में विद्युत, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग और उन्नत अवसंरचना क्षेत्र में निवेश को लेकर अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया। राज्य सरकार ने इसे भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री को WEF का व्हाइट बैज सम्मान

WEF के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को व्हाइट बैज से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री की ओर से WEF को सहयोग का औपचारिक पत्र भी सौंपा गया, जिसमें क्रिटिकल मिनरल्स, नई ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर सहयोग की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। राज्य सरकार का ‘विजन 2050’ WEF की समावेशी समाज की अवधारणा के अनुरूप बताया गया।

अर्बन ट्रांसपोर्ट में स्वीडन की दिलचस्पी

स्वीडन ने झारखंड में अर्बन ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। इस संबंध में भारत और स्वीडन के बीच अप्रैल माह में संभावित सहयोग और निवेश पर एक राउंड टेबल बैठक आयोजित करने की योजना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की वर्ल्ड वुमन लीडर्स फोरम के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात हुई, जिसमें महिला राजनीतिक नेतृत्व को सशक्त बनाने और झारखंड के साथ सहयोगात्मक ढांचे के निर्माण पर चर्चा की गई।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post